विश्व रैंकिग में दूसरे स्थान पर काबिज स्पेन के रफेल नडाल सोमवार को 13वीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। अपने रिकॉर्ड 21वें गैंडस्लैम खिताब का सपना पूरा करने की कोशिश में लगे नडाल ने विश्व रैंकिंग में 16वें स्थान पर काबिज फाबियो फोगनिनि को 6-3, 6-4, 6-2 से हराया। नडाल और रोजर फेडरर के नाम 20-20 गैंडस्लैम खिताब जीतने का रिकॉर्ड है। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना रैकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज स्टेफानोस सिटिसिपास से होगा, जिन्होंने नौवें रैंकिंग के खिलाड़ी माटेओ बेरेटिनी को हराया।
पहली बार क्वार्टर फाइनल में मेदवेदव
पुरुष वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त मेदवेदेव ने पहली बार आस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी। उन्होंने अमेरिका के 192वी रैंकिंग के मैकेंजी मैकडोनाल्ड को 6-4, 6-2, 6-3 से हराया। यूएस ओपन 2019 के उप विजेता मेदवेदेव का अगला मुकाबला हमवतन आंद्रे रूबलेव से होगा। रूबलेव के खिलाफ 22वीं रैंकिंग के खिलाड़ी कैस्पर रूड चोटिल होकर मुकाबले से बाहर हो गए।
बार्टी भी अंतिम आठ में
शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के अंतिम-16 मुकाबले में सोमवार को यहां शेल्बी रोजर्स को 6-3, 6-4 से हराकर लगातार तीसरे साल क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पिछले साल सेमीफाइनल में सोफिया केनिन से हारने वाली बार्टी क्वार्टर फाइनल में कैरोलिना मुचोवा के खिलाफ कोर्ट में उतरेंगी। विश्व रैंकिग में 25वें स्थान पर काबिज मुचोवा ने प्री-क्वार्टर फाइनल में 18वीं वरीयता प्राप्त एलिसे मार्टेंस को 7-6,7-5 से हराया। वह ग्रैंड स्लैम में दूसरी बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची है।
ब्राडी, पेगुला भी आगे बढ़ें
महिला एकल में जेसिका पेगुला और जेनिफर ब्राडी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अमेरिका की 26 वर्षीय पेगुला ने उक्रेन की पांचवीं वरीयता प्राप्त इलिना स्वितलोना को 6-4, 3-6, 6-3 से हराकर उलटफेर किया। यह पहला अवसर है जबकि उन्होंने शीर्ष दस में शामिल किसी खिलाड़ी को पराजित किया। पेगुला का सामना अब हमवतन ब्राडी से होगा। पेनसेलवेनिया की रहने वाली 25 वर्षीय ब्राडी ने क्रोएशिया की डोना वेकिच को 6-1, 7-5 से शिकस्त दी।