दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल रोलां गैरों के अपने रिकॉर्ड 11वें खिताब के और करीब पहुंच गए। दस बार के चैंपियन स्पेनिश स्टार ने सोमवार को जर्मनी के मैक्सिमिलियन मार्टेर को तीन सेट के मुकाबले में 6-3, 6-2, 7-6 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए नडाल का सामना अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्टजमैन से होगा, जिन्होंने पांच सेट तक चले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को 1-6, 2-6, 7-5, 7-6, 6-2 से बाहर का रास्ता दिखाया।
महिलाओं के वर्ग में रोमानियाई खिलाड़ी सिमोना हालेप और एंजेलिक कर्बर भी अंतिम आठ में पहुंच गईं। अब गले दौर में जगह बनाने के लिए यह दोनों खिलाड़ी आमने-सामने होंगी। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना ने चौथे दौर में बेल्जियम की एलिस मेर्टेंस को आसानी से 6-2, 6-1 से मात देकर तीसरी बार फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया। हालेप पिछले साल यहां फाइनल में यूक्रेन की जेलेना ओस्तापेंको से हार गई थी। दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन कर्बर ने फ्रांस की कैरोलिन गर्सिया को 6-2, 6-3 से शिकस्त दी।