दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी राफेल नडाल राफेल नडाल ने शुक्रवार रात 2-6, 6-1, 6-2 से इटली के नंबर सात फाबियो फोगनिनी को हराकर रोजर्स कप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। जीत बाद नडाल ने कहा कि ' यह एक अप-डाउन मैच था, लेकिन मेरे लिए एक सकारात्मक मैच था। मैं बेहतर खेल रहा हूं।'
नडाल को इस क्वार्टरफाइनल में जीत हासिल करने में दो घंटे लगे। वहीं कई शीर्ष वरीय खिलाड़ी जैसे डोमिनिक थिएम और एलेंक्जेंडर ज्वेरेव बाहर हो गए। आस्ट्रिया के थिएम को जहां रूस के आठवें वरीय दानिल मेदवेदेव से हार मिली । वहीं, तीसरे नंबर के खिलाड़ी ज्वेरेव रूस के छठे वरीय कारेन खाचानोव से 74 मिनट में 3-6 3-6 से पराजित हो गए।
सेरेना विलियम्स ने भी शुक्रवार रात रोजर्स कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, सेरेना ने जापान की नाओमी ओसाका को 6-3, 6-4 से हराया। फ्लशिंग मिडोज पर अमेरिकी ओपन की तैयारियों में जुटी सेरेना इस तरह अपने चौथे टोरंटो खिताब की उम्मीद लगाए हैं।
जिस पर उन्होंने 2001, 2011 और 2013 में जीत हासिल की थी। सेमीफाइनल में सेरेना का सामना चेक गणराजय की क्वालीफायर मारी बुजकोवा से होगा, जो विम्बलडन चैम्पियन सिमोना हालेप के चोट के कारण रिटायर होने से अगले दौर में पहुंची।