40 के हो चुके सचिन तेंदुलकर पर भले ही संन्यास का दबाव बन रहा हो, लेकिन टेनिस में देश का झंडा ऊंचा रखने वाले लिएंडर पेस ने उम्र के इसी पड़ाव में नया कारनामा कर दिखाया है।
न सिर्फ लिएंडर पेस ने यह कारनामा किया है, बल्कि महिला जगत में 30 के पार पहुंच चुकीं सेरेना विलियम्स ने भी यूएस ओपन का एकल खिताब जीतकर सबसे उम्रदराज महिला चैंपियन होने का गौरव हासिल कर लिया।
युगल विशेषज्ञ पेस 40 वर्ष की उम्र में यूएस ओपन चैंपियन बनने वाले सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी बन गए हैं।
पेस ने 34 वर्षीय रादेक स्टेपानेक की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ऑस्ट्रिया के एलेक्जेंडर पेया और ब्राजील के ब्रूनो सोर्स की दूसरी वरीय जोड़ी को हराकर टूर्नामेंट का युगल खिताब अपने नाम किया।
भारत और चेक गणराज्य की इस जोड़ी का एक साथ यह दूसरा ग्रैंड स्लैम है।
पेस ने तीसरी बार यूएस ओपन खिताब जीता है जबकि यह उनका आठवां पुरुष युगल ग्रैंड स्लैम और ओवरऑल 14वां खिताब है।
पेस से पहले 40 वर्ष से अधिक उम्र में ग्रैंड स्लैम आखिरी बार मार्टिना नवरातिलोवा ने जीता था। वर्ष 2003 में पेस की जोड़ीदार रहीं नवरातिलोवा उस समय 46 वर्ष की थी, जब उन्होंने इसी भारतीय खिलाड़ी के साथ ऑस्ट्रेलियन और विंबल्डन का मिश्रित युगल जीता था।
हालांकि नवरातिलोवा ने अपने 50वें जन्मदिन से कुछ महीने पहले अमेरिका के बॉब ब्रायन के साथ वर्ष 2006 में यूएस ओपन का मिश्रित युगल खिताब अपने नाम किया था।
स्टेपानेक के लिए पेस काफी भाग्यशाली हैं। उन्होंने अपने करियर में दो ग्रैंड स्लैम जीते हैं और वह भी पेस के साथ।
पेस के अलावा सेरेना ने भी उम्र को पीछे छोड़ते हुए कोर्ट पर कारनामा कर दिखाया है। 26 सितंबर को 32 की होने जा रही सेरेना ओपन युग में यूएस ओपन जीतने वाले दुनिया की सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई हैं।
17वां ग्रैंड स्लैम जीतने वाली सेरेना ने ऑस्ट्रेलिया की मारग्रेट कोर्ट के 1973 में बनाए रिकॉर्ड को 293 दिन पहले तोड़ा।