दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल ने कहा है कि घुटने की चोट के कारण वह यूएस ओपन के सेमीफाइनल से जरूर हट गए हैं लेकिन यह चोट उन्हें और ग्रैंड स्लैम जीतने के लक्ष्य से दूर नहीं रख पाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि मेरे घुटने की समस्या क्या है और मुझे इस दिशा में क्या करना है ताकि जल्द से जल्द फिट हो सकूं। इस साल नडाल ने चार मैच हारे हैं जिसमें दो में उन्हें रिटायर होना पड़ा है।
जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में वह मारिन सिलिच के खिलाफ पांचवें सेट में रिटायर हो गए थे। 17 ग्रैंड स्लैम जीत चुके नडाल ने 2003 विंबलडन में अपना पहला ग्रैंडस्लैम खेला था तब से अब तक वह चोट के कारण आठ ग्रैंडस्लैम मिस कर चुके हैं। बावूजद इसके उनकी झोली में 17 ग्रैंड स्लैम हैं जोकि रोजर फेडरर से सिर्फ तीन कम हैं।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नडाल अपने चौथे यूएस ओपन और ओवरऑल 18वें ग्रैंडस्लैम का लक्ष्य लेकर चल रहे थे। नडाल ने इससे पहले बुधवार को लगभग पांच घंटे चले क्वार्टरफाइनल मैच में डोमिनिक थिएम को हराया था।
'मुझे मैच बीच में छोड़कर हटना पसंद नहीं है। जब एक खिलाड़ी खेल रहा हो और दूसरा कोर्ट के बाहर हो तो इसे टेनिस मुकाबला नहीं कहा जा सकता।'-राफेल नडाल