विम्बलडन चैम्पियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने यह कहकर मांट्रियल एटीपी मास्टर्स टूर्नामेंट से नाम वापिस ले लिया है कि अमेरिकी ओपन से पहले उन्हें आराम की जरूरत है।
रोजर फेडरर को हराकर विम्बलडन जीतने वाले सर्बिया के जोकोविच के अलावा अर्जेंटीना के 12वीं वरीयता प्राप्त जुआन डेल पोत्रो भी इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे।
जोकोविच ने एक बयान में कहा, 'मैं दुख के साथ सूचित कर रहा हूं कि रोजर्स कप में भाग नहीं ले सकूंगा। मुझे आराम की जरूरत है ताकि तरोताजा होकर खेल सकूं।’ स्पेन के रफेल नडाल को पांच अगस्त से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के लिए शीर्ष वरीयता दी गई है। नडाल और जोकोविच चार बार यह खिताब जीत चुके हैं।