फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

French Open: जोकोविच ने फ्रेंच ओपन के पहले दौर में बरकरार रखा जीत का रिकॉर्ड, दिमित्रोव ने बीच में छोड़ा मैच

Wed, 28 May 2025 11:24 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

सार

हाल ही में टूर स्तर पर 100वां खिताब जीत चुके जोकोविच ने रोलां गैरों के पहले दौर में अपने जीत का रिकॉर्ड 20-0 कर लिया है। जोकोविच ने फ्रेंच ओपन के पहले दौर में 2010 के बाद कभी भी एक सेट नहीं गंवाया और लगातार जीत दर्ज की है।
विज्ञापन
नोवाक जोकोविच - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने वर्ष के दूसरे ग्रैंडस्लैम फ्रेंच ओपन के पहले दौर में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की और इस टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में अजेय रहने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा। छठी वरीय नोवाक जोकोविच ने अपने 25वें ग्रैंडस्लैम की राह में विजयी अभियान शुरू किया है। तीन बार के फ्रेंच ओपन विजेता जोकोविच ने अमेरिका के मैकेंजी मैक्डोनाल्ड को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया। 
विज्ञापन

फ्रेंच ओपन के शुरुआती दौर में जोकोविच का अजेय रिकॉर्ड
हाल ही में टूर स्तर पर 100वां खिताब जीत चुके जोकोविच ने रोलां गैरों के पहले दौर में अपने जीत का रिकॉर्ड 20-0 कर लिया है। जोकोविच ने फ्रेंच ओपन के पहले दौर में 2010 के बाद कभी भी एक सेट नहीं गंवाया और लगातार जीत दर्ज की है। वहीं, डोपिंग प्रतिबंध पूरा करने के बाद पहला ग्रैंडस्लैम खेल रहे इटली के शीर्ष वरीय यानिक सिनर ने फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। उन्होंने पहले दौर में फ्रांस के आर्थर रिडरक्नेश को सीधे सेटों में 6-4, 6-3, 7-5 से हराया। यह उनकी ग्रैंडस्लैम में लगातार 15 वीं जीत है। सिनर यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में पिछले दो ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं।

तीन माह का डोपिंग प्रतिबंध पूरा करने के बाद सिनर का यह सिर्फ दूसरा टूर्नामेंट है। इससे पहले वह इटालियन ओपन में खेले थे, जहां उन्हें कार्लोस अल्कारेज से हार मिली थी। सिनर ने अब तक तीन ग्रैंडस्लैम जीते हैं। फ्रेंच ओपन में वह बीते वर्ष सेमीफाइनल में पहुंचे थे। वह अगले दौर में फ्रांस के रिचर्ड गैस्क्वेट से खेलेंगे। वहीं, गत उपविजेता और तीसरी वरीय जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अमेरिका के लर्नर टिएन को 6-3, 6-3, 6-4 से पराजित किया। बड़ा उलटफेर रूस के 11वीं वरीय डेनियल मेदवेदेव के रूप में हुआ। इंग्लैंड के कैमरन नोरी ने उन्हें 7-5, 6-3, 4-6, 1-6, 7-5 से हराया।

दिमित्रोव ने मुकाबला बीच में छोड़ा
रूस के मेदवेदेव ने नोरी के खिलाफ 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार आठ गेम गंवाए और दो सेट हार बैठे। उन्होंने फिर वापसी की और दो सेट जीतकर मुकाबला बराबरी पर ले आए। पांचवें सेट में भी उन्होंने 2-1 की बढ़त बनाई, लेकिन नोरी ने मैच जीत लिया। यह नोरी की मेदवेदेव पर महली जीत है। बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव भी बाहर हो गए। उन्हें अमेरिका क एथन क्विन के खिलाफ मुकाबला उस वक्त छोड़ना पड़ा, जब वह पहले दो सेट 6-2, 6-3 से जीतने के बाद तीसरा सेट 2-6 से हार गए थे।

अमेरिका की गॉफ ने गेडेकी को हराया
महिलाओं के वर्ग में अमेरिका की दूसरी वरीय कोको गॉफ ने भी जीत से शुरुआत की है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओलिविया गेडेकी को 6-2, 6-2 से हराया। फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंच चुकीं गॉफ कोर्ट पर उतरीं तो उनके बैग में रैकेट नहीं थे। वह अपने रैकेट चेंज रूम में छोड़ आई थीं। जिसके चलते मुकाबला थोड़ी देर तक रुका रहा।
विज्ञापन

राफा के नाम की जर्सी 42 हजार में बिकी
फ्रेंच ओपन में राफेल नडाल को सम्मानित किए जाने के एक दिन बाद, दर्जनों दर्शकों ने सम्मान समारोह में वितरित की गई 'मर्सी राफा' टी-शर्ट बेचना शुरू कर दिया। मुफ्त बांटी गई टी-शर्ट में से कई की कीमत तो 500 यूरो (लगभग 42 हजार रुपये) तक पहुंच गई। टी-शर्ट पर थैंक यू राफा के साथ 25-5-2025 की तारीख के अलावा आरजी 14 लिखा था जो रोला गैरो में नडाल के 14 जीते गए खिताबों को दर्शा रहा था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें