एलेक्सजेंडर ज्वेरेव और साल के शुरू में रोजर फेडरर को हराकर उलटफेर कर आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले स्टेफानोस सिटसिपास ने भी अंतिम 16 में अपना स्थान पक्का किया। जर्मनी के पांचवें वरीय ज्वेरेव को चौथे दौर में पहुंचने के लिये पांच सेट खेलने पड़े। उन्होंने पहले दौर में भी पांच सेट का मैच खेला था।
इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने सर्बिया के दुसान लाजोविच को 6-4, 6-2, 4-6, 1-6, 6-2 से शिकस्त दी। ज्वेरेव का ग्रैंडस्लैम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पिछले साल पेरिस में क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने का था। अब ज्वेरेव का सामना इटली के फैबियो फोगनिनी से होगा जिन्होंने ने चार सेट में स्पेन के 18वें वरीय रोबर्टो बतिस्ता एगुट को 7-6, 6-4, 4-6, 6-1 से हराकर बाहर कर दिया। वहीं दर्शकों के पसंदीदा सिटसिपास देश के 83 वर्ष के इतिहास में रोलां गैरां के दूसरे हफ्ते में पहुंचने वाले पहले यूनानी खिलाड़ी बन गए।
1936 में यूनान के लाजारोस स्टालियोस फ्रेंच ओपन के दूसरे हफ्ते में पहुंचे थे। छठा वरीय खिलाड़ी शुक्रवार को दो सेट अपने नाम कर चुका था लेकिन तीसरे सेट में 5-5 पर कम रोशनी के कारण मैच निलंबित कर दिया गया। फिर शनिवार को शुरू हुए मैच में सिटसिपास ने यह सेट टाईब्रेक में गंवाने के बाद 7-5, 6-3, 6-7 (5/7), 7-6 (8/6) से जीत हासिल की।
ग्रैंडस्लैम में दूसरी बार क्वार्टरफाइनल स्थान के लिये सिटसिपास का सामना पूर्व चैम्पियन स्टैन वावरिंका या ग्रिगोर दिमित्रोव के बीच मुकाबले के विजेता से होगा जिनका मैच भी शुक्रवार को पूरा नहीं हो पाया था। महिलाओं के वर्ग में गत चैम्पियन और तीसरी वरीय सिमोना हालेप ने यूक्रेन की 27वीं वरीय लेसिया सुरेंको को 6-2, 6-1 से मात देकर अगले दौर में जगह सुनिश्चित की। अब इस रोमानियाई खिलाड़ी की भिड़ंत ओलंपिक चैम्पियन मोनिका पुइग और पोलैंड की युवा इगा स्वियाटेक के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगी।