सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने रविवार को उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में 132वीं रैंकिंग वाले क्वालिफायर रोमन सफीउलिन की चुनौती को पार करते हुए रोजर फेडरर के एक बड़े विंबलडन रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही सात बार के विंबलडन चैंपियन जोकोविच ने ऑल इंग्लैंड क्लब में अपनी 106वीं मैच जीत दर्ज की। अब वह विंबलडन में पुरुषों की सर्वकालिक सूची में रोजर फेडरर (105 जीत) को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। हालांकि वह अभी भी ओवरऑल लिस्ट में मार्टिना नवरातिलोवा के 120 मैच जीत के रिकॉर्ड से पीछे हैं।
नोवाक जोकोविच
- फोटो : PTI
जोकोविच को करनी पड़ी मेहनत
जोकोविच को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने सफीउलिन के खिलाफ यह मुकाबला 7-6 (6), 6-3, 3-6, 6-3 से जीता। जोकोविच पहले सेट में 5-2 से पीछे चल रहे थे, जहां उन्होंने दो सेट प्वाइंट बचाए और मुकाबले को टाईब्रेकर में खींचकर जीत हासिल की। तीसरे सेट की शुरुआत में सर्विस गंवाने के बाद जोकोविच ने कथित तौर पर अपशब्द कहे, जिसके लिए उन्हें अंपायर से चेतावनी मिली। सेट हारने के बाद गुस्से में गेंद को दूर मारने पर उन्हें दर्शकों की हूटिंग का भी सामना करना पड़ा।
नोवाक जोकोविच
- फोटो : PTI
जोकोविच ने मांगी माफी
मैच के बाद 39 वर्षीय जोकोविच ने अपने इस व्यवहार के लिए माफी मांगते हुए कहा, 'मैं भावनाओं पर काबू नहीं रख सका जिसके लिए मैं माफी मांगता हूं।' उन्होंने यह भी माना कि लंबी रैलियों में पिछड़ने के कारण उन्हें बेसलाइन के बजाय नेट पर आकर खेलने की रणनीति अपनानी पड़ी, जो कारगर रही।
17वीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में
इस जीत के साथ जोकोविच 17वीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। अब वह फेडरर के आठ विंबलडन खिताबों की बराबरी करने से सिर्फ तीन जीत दूर हैं। अगले दौर में उनका मुकाबला तीसरे वरीय फेलिक्स ऑगर अलियासिमे और 22वें नंबर के एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
क्रेजकिकोवा की हार
महिला एकल वर्ग में इस बार भी विंबलडन को एक नई चैंपियन मिलना तय हो गया है। ऐसा लगातार नौवीं बार होने जा रहा है। गत चैंपियन और 2024 की विजेता बारबोरा क्रेजकिकोवा चौथे दौर में अपनी ही देश की चेक खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा से हारकर बाहर हो गईं। इगा स्वियातेक, एलेना रयबाकिना और सेरेना विलियम्स के पहले ही बाहर हो जाने के बाद क्रेजकिकोवा ड्रॉ में बची एकमात्र पूर्व चैंपियन थीं। मुचोवा ने क्रेजकिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से शिकस्त दी। साल 2016 में सेरेना विलियम्स के सातवें खिताब के बाद से कोई भी महिला खिलाड़ी विंबलडन में एक से अधिक बार चैंपियन नहीं बन सकी है।