जोकोविच ने विश्व में 230वीं रैंकिंग के अमेरिकी खिलाड़ी मिशेल क्रूगर को 6-3, 6-2, 6-2 से पराजित किया। विश्व में पहले नंबर का खिलाड़ी लगातार 13वीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचा है। वह अपना 300वां ग्रैंडस्लैम मैच खेल रहे थे जिसमें से उन्होंने 259 में जीत दर्ज की है।
महिला वर्ग में शीर्ष वरीय हालेप को एस्तोनिया की काइया कानेपी पर 6-7 (2), 6-4, 6-2 से जीत दर्ज करने के लिये तीन सेट तक जूझना पड़ा लेकिन छठी वरीयता प्राप्त उक्रेन की इलिना स्वितोलिना ने स्विट्जरलैंड की विक्टोरिया गोलबिच को आसानी से 6-1, 6-2 से हराया।
यूएस ओपन चैंपियन नाओमी ओसाका ने अपने अभियान की अच्छी शुरुआत की। उन्होंने मेग्दा लिनेट को 6-4, 6-2 से हराया। उनका अगला मुकाबला तमारा जिदानसेक से होगा। अमेरिका की मेडिसन कीस ने वाइल्डकार्ड धारी डेस्टानी एइवा को 6-2, 6-2 से हराया।
वीनस विलियम्स को भी पहले दौर में काफी पसीना बहाना पड़ा। गैरवरीय वीनस ने रोमानिया की 25वीं वरीय मिहेला बुजारनेस्कु को 6-7 (3), 7-6 (3), 6-2 से शिकस्त दी। पुरूषों के वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त अलेक्सांद्र ज्वेरेव ने एलजाज बेडेने को 6-4, 6-1, 6-4 से हराया। आठवीं वरीयता प्राप्त केइ निशिकोरी ने पोलैंड के क्वालीफायर कामिल एम को मात दी। अब वह क्रोएशिया के इवो कारलोविच से खेलेंगे।