फेडरर, नडाल और जोकोविच को शीर्ष वरीयता दी गई है और वे 2007 के बाद पहली बार एक साथ एटीपी फाइनल्स में खेलेंगे। बारह साल बाद भी पुरुष टेनिस के शीर्ष खिलाड़ियों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है हालांकि उन्हें रूस के डेनिल मेदवेदेव से सतर्क रहना होगा जिन्होंने अगस्त के बाद दो मास्टर्स खिताब जीते हैं और नडाल को यूएस ओपन फाइनल में पांच सेट तक संघर्ष करवाया था। एटीपी फाइनल्स में शीर्ष आठ खिलाड़ी भाग लेते हैं। इन चारों के अलावा इस बार आस्ट्रिया के डोमिनिक थीम, यूनान के स्टेफेनोस सिटिसिपास, जर्मनी के जेवरेव और इटली के मैटियो बेरेटिनी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।
नोवाक जोकोविच ने मैच से पहले कहा, 'लंदन में मेरे पास मौका है क्योंकि यहां मैं पहले भी बेहतर करता रहा हूं। लेकिन काम चुनौतीपूर्ण तो है क्योंकि हर मैच में आपके सामने शीर्ष दस में शामिल प्रतिद्वंद्वी होगा।'