फेलिक्स ऑगर एलियासिमे और डेनिस शापोवालोव ने शनिवार को युगल मुकाबले में दानिल मेदवेदेव और रोमन सफीयुलिन की जोड़ी को 4-6 7-5 10-7 से शिकस्त दी जिससे कनाडा ने रूस पर 2-1 की जीत से पहली बार एटीपी कप फाइनल में प्रवेश किया। कनाडा का सामना अब रविवार को फाइनल में स्पेन से होगा। शापोवालोव ने शुरुआती एकल जीतकर कनाडा को अच्छी शुरुआत कराई लेकिन मेदवेदेव ने ऑगर एलियासिमे को हराकर बराबरी दिलाई। शुक्रवार को रोबर्टो बतिस्ता अगुट ने पोलैंड के हुबर्ट हुर्कास्ज पर 7-6 2-6 7-6 की जीत से स्पेन को फाइनल में पहुंचाया था। इससे पहले पाब्लो करेनो बुस्टा ने जान जिलिंस्की को 6-2 6-1 से हराकर स्पेन को बढ़त दिलाई थी।