एक साल पहले प्रतिबंधित दवाओं के सेवन के कारण प्रतिबंधित किए गए मारिन सिलिच ने शानदार वापसी करते हुए यूएस ओपन पर कब्जा जमा लिया है।
प्रतिबंध का दंश झेलने के बाद इस क्रोएशियाई खिलाड़ी ने साल के अंतिम और चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन में जापान के केई निशिमोरी को हराकर पहली बार किसी बड़े खिताब पर कब्जा जमाया।
यह मुकाबला इसलिए भी बेहद खास था क्योंकि दोनों ही खिलाड़ी पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे थे। सिलिच ने एकतरफा मुकाबले में जापानी खिलाड़ी को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया।
25 साल के सिलिच का यह 27वां ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट था। पिछले साल मई में म्युनिख ओपन के दौरान सिलिच डोपिंग टेस्ट में पकड़े गए थे। हालांकि उन्होंने हमेशा यह दलील दी थी कि वह निर्दोष हैं और उन्होंने कोई भी प्रतिबंधित दवा जानबूझकर नहीं खरीदी थी।
बाद में उन पर लगे 9 महीने के प्रतिबंध को छोटा करते हुए 4 महीने का कर दिया गया, जिस कारण वह पिछले साल यूएस ओपन नहीं खेल सके थे।
इस बार यूएस ओपन में उन्होंने गजब का खेल दिखाया और क्वार्टर फाइनल में थामस बर्डीच को और सेमीफाइनल में 17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता रोजर फेडरर को हराया। इससे पहले सिलिच 2010 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे थे।