स्टुगार्ट डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट में फ्रेंच ओपन चैंपियन रूस की मारिया शारापोवा का जलवा जारी है। रूसी ग्लैमर गर्ल शारापोवा क्ले कोर्ट क्वीन चेक गणराज्य की लुसी सफरोवा को 6-4, 6-7, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं।
उन्होंने सफरोवा को हराने में तीन घंटे लिए। क्वार्टर फाइनल में अब उनका मुकाबला पूर्व नंबर वन टेनिस खिलाड़ी अना इवानोविच के साथ मुकाबला होगा। इवानोविच ने रूस की नादिया पेत्रोवा को लगातार सेटों में 6-4, 6-3 से हराकर दूसरे राउंड का गेम जीत लिया।
इससे पहले दूसरी सीड चीन की ली ना ने दूसरे राउंड में 74 मिनट तक चले मुकाबले में क्रोएशिया की मीरजाना लुसिस बरोनी को 6-1, 6-2 से हराया। पांचवीं सीड चेक गणराज्य की पेत्रा क्वीतोवा ने जर्मनी की जूलिया जार्ज को 2-6, 7-6, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की।
अन्य मुकाबलों में अमेरिका की बेथानी माटेक सैंड्स ने चौथी सीड इटली की सारा ईरानी को 6-0, 4-6, 6-1 से हराया जबकि तीसरी सीड जर्मनी की एंजेलिक क्रेर्बर ने रूस की अनास्तासिया पाविलयूचेनकोवा को 6-0, 6-4 से मात दी।
"मैंने पहले भी इतनी देर तक चले मुकाबले खेले हैं। मुझे पता था कि संघर्ष जारी रखना है। क्ले कोर्ट पर वैसे भी मैच आसान नहीं होता है।"
- मारिया शारापोवा