एशिया की एकमात्र ग्रैंड स्लैम चैंपियन चीन की ली ना ने लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया जहां उनका मुकाबला स्लोवाकिया की 20वीं सीड खिलाड़ी डोमिनिका सिबुलकोवा से होगा।
चौथी सीड चीनी खिलाड़ी ने कनाडा की युवा खिलाड़ी इयूजिनी बुकार्ड के गुरुवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में लगातार सेटों में 6-2, 6-4 से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ ली ना पिछले चार सालों में तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही हैं।
19 वर्षीय बुकार्ड कनाडा की दूसरी टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओपन युग में ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। आखिरी बार साल 1984 यूएस ओपन में कनाडा की कार्लिंग बासेट किसी ग्रैंड स्लेम के सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में स्लोवाकियाई खिलाड़ी डोमिनिका सिबुलकोवा ने पांचवीं सीड पोलैंड की एग्निएस्का रद्ववांस्का को चौंकाते हुए शान से फाइनल में जगह बनाई।
इस युवा खिलाड़ी ने अपने से कहीं ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी रद्ववांस्का को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-2 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया। सिबुलकोवा के लिए यह जीत ऐतिहासिक है क्योंकि किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली वह पहली स्लोवाकियाई खिलाड़ी हैं।
दो बार फाइनल हार चुकी हैं ली
अब फाइनल में खिताब के लिए सिबुलकोवा की भिड़ंत विश्व की चौथे नंबर की बेहद अनुभवी खिलाड़ी चीन की ली-ना से होगी। हालांकि आंकड़ों पर नजर डाले तो सिबुलकोवा ने चीनी खिलाड़ी के खिलाफ पिछले चार मैचों में शिकस्त ही झेली है।
ली ना भले ही पिछले तीन सालों में दो बार इस टूर्नामेंट के फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही हैं लेकिन खिताब अब तक उनकी पहुंच से दूर ही रहा है।
पिछले साल बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका ने उन्हें फाइनल में हराया था जबकि 2011 में किम क्लिस्टर्स ने उनका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था। 2012 में क्लिस्टर्स ने ही ली को टूर्नामेंट के चौथे राउंड में मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।
वहीं, मैच शुरू होने से पहले से ही रद्ववांस्का को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था जिन्होंने पिछले राउंड में दो बार की विजेता विक्टोरिया अजारेंका जैसी खिलाड़ियों को मात दी थी लेकिन पोलिश खिलाड़ी पर युवा सिबुलकोवा पूरी तरह हावी दिखाई दी।
स्लोवाकियाई खिलाड़ी ने पहले सेट के शुरूआती तीनों गेम्स जीतकर अपने इरादे जता दिए। चौथे गेम में रद्ववांस्का अंक बटोर सकी लेकिन फिर इसके बाद वह एक भी अंक नहीं ले सकी और सिबुलकोवा ने यह सेट एकतरफा अंदाज में 6-1 से जीता लिया।
दूसरे सेट में भी रद्ववांस्का स्लोवाकियाई खिलाड़ी के सामने संघर्ष करती रही और सिबुलकोवा ने 6-2 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
बर्डिच को हराकर फाइनल में वावरिंका
स्टानिसलास वावरिंका ने सर्विस की लड़ाई में थामस बर्डिच को शिकस्त देकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली है।
रविवार को फाइनल में वावरिंका का मुकाबला शनिवार को राफेल नदाल और रोजर फेडरर के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। मुकाबले में धीमी गति से शुरू हुए आठवीं सीड स्विट्जरलैंड के वावरिंका ने बर्डिच को 6-3, 6-7, 7-6, 7-6 से शिकस्त दी।
पूरे मैच में वावरिंका की सर्विस एक बार टूटी। वावरिंका ने दबाव बढ़ाते हुए निर्णायक टाईब्रेक में तीन मैच प्वाइंट हासिल किए। वावरिंका ने 214 किमी प्रति घटें की रफ्तार से शानदार सर्विस करके खेल को समाप्त किया। उसके बाद सेंटर कोर्ट पर दर्शकों का शोर गूंज उठा।