अनुभवी खिलाड़ी लिएंडर पेस ने आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टेनिस टीम में वापसी कर ली है। एकल में देश के शीर्ष खिलाड़ी यूकी भांबरी को यूएस ओपन ग्रैंड स्लैम के चलते आराम दिया गया है। इंडोनेशिया के जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में टेनिस की स्पर्धा 19 अगस्त से शुरू होगी। पेस अब तक एशियाई खेलों में आठ पदक जीत चुके हैं। उन्होंने पिछली बार 2006 दोहा खेलों में महेश भूपति के साथ पुरुष युगल और मिश्रित युगल में सानिया मिर्जा के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
एकल में तीन विशेषज्ञ रामकुमार रामनाथन, प्रजनेश गुणेश्वरन, सुमित नांगल जबकि युगल में लिएंडर पेस, रोहन बोपन्ना और दिविज शरण होंगे। महिला वर्ग में अंकिता रैना, करमन कौर थांडी, रुतुजा भोसले, प्रांजला यादलापल्ली, रिया भाटिया और प्रार्थना थोम्बरे हैं जिन्हें उनकी रैंकिंग के आधार पर चुना गया है। जिशान अली टीम के कोच होंगे जबकि महिला टीम की कोच अंकिता भांबरी होंगी।
अखिल भारतीय टेनिस संघ की चयन समिति ने यूकी भांबरी को यूएस ओपन के लिए टीम से बाहर रहने की छूट प्रदान की। समिति ने कहा कि किसी ग्रैंड स्लैम के एकल में हमारे ज्यादा खिलाड़ी नहीं खेलते हैं, लिहाजा भांबरी को समर्थन दिया जाना चाहिए। एशियाई खेलों में टेनिस स्पर्धा दो दिन होंगी लेकिन शीर्ष सौ (94) में शामिल भांबरी के लिए 27 अगस्त से होने वाले यूएस ओपन के लिए फिर से तरोताजा होकर उतरना आसान नहीं होगा इसलिए उन्हें छूट दी गई है।
08 : पदक जीते हैं लिएंडर पेस ने एशियाई खेलों में अब तक
लिएंडर पेस के एशियाड में पदक
कब कहां पदक
1990 बीजिंग टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने में सफल
1994: हिरोशिमा टीम और युगल स्पर्धा में स्वर्ण और एकल में कांस्य
2002 बुसान पुरुष युगल में महेश भूपति के साथ स्वर्ण पदक और मिश्रित युगल में कांस्य
2006 दोहा पुरुष युगल में भूपति के साथ स्वर्ण, मिश्रित में सानिया के साथ गोल्ड
चयन का आधार रैंकिंग था। युवा खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं लेकिन लिएंडर की रैंकिंग भी अच्छी है और रिकॉर्ड भी। अनुभव के लिहाज से वह पदक के बड़े दावेदार हैं। -
रोहित राजपाल, चयन समिति सदस्य