भारत के लिएंडर पेस ओर स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने शुक्रवार को फिर कमाल कर दिया। पेस और हिंगिस ने यूएस ओपन मिक्सड ओपन के फाइनल में अमेरिका की बेथानी माटेक सेंड्स और सैम क्वेरी की जोड़ी को 6-4, 3-6, 10-7 से हराकर साल का अपना तीसरा मिक्सड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया।
इससे पहले पेस और हिंगिस ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और विंबलडन में खिताब जीता था। यह लिएंडर पेस का कुल 17वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। 42 साल के लिएंडर आज भी किसी युवा खिलाड़ी की तरह उत्साहित और जोशीले नजर आते हैं और साल में तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी करिश्माई क्षमता साबित कर दी।
पेस ने हिंगिस के साथ मिलकर बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए पहले सेट में एक ब्रेक प्वाइंट के 6-4 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में अमेरिकी जोड़ी ने भी जुझारू क्षमता दिखाई लेकिन अंतत: पेस और हिंगिस की जोड़ी अपना जादू बिखेरने में कामयाब हो गई।
हिंगिस महिला युगल के फाइनल में भारत की सानिया मिर्जा के साथ खिताब के लिए उतरेंगी। विंबलडन में भी उन्होंने लिएंडर के अलावा सानिया के साथ खिताबी सफलता हासिल की थी।