बियांका ने बताया कि 2015 में ऑरेंज बाउल का खिताब जीतने के बाद लगा कि, 'मैं इस खेल में कुछ बड़ा कर सकती हूं। "तो, मैंने बस एक चेक पकड़ा और उस वर्ष की पुरस्कार राशि लिखी। लेकिन हर साल मैं इसे बढाती रही क्योंकि यह बदलता रहा। लेकिन मैं उस दिन के बाद से बस उस पल की कल्पना ही करती रही लेकिन "अब वास्तविक चैंपियन होना ही इतना पागलपन है।"
बता दें कि यूएस ओपन 2019 के महिला सिंगल्स के फाइनल में कनाडा की युवा टेनिस स्टार बियांका एंड्रेस्क्यू ने सेरेना विलियम्स का 24वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के सपने को पूरा नहीं होने दिया। रोमांचक मुकाबले में बियांका ने सेरेना को हराकर इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में बियांका ने धमाकेदार खेल दिखाते हुए अमेरिकी दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को 6-3,7-5 से हराया।
मारिया शारापोवा के बाद यूएस ओपन का खिताब हासिल करने वाली बियांका सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं हैं। 15वीं वरीयता वालीं बियांका पहली बार यूएस ओपन खेल रही थीं। पिछले साल वह क्वॉलिफाइंग के पहले दौर में ही बाहर हो गई थीं। पिछले दो साल से वह यूएस ओपन के क्वालिफाइंग में पहले राउंड में ही हार रही थीं।