इंडो-पाक एक्सप्रेस के नाम से मशहूर भारत के रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी ने पहली बाधा पार कर ली है।
चेन्नई में खेले जा रहे टूर्नामेंट में बोपन्ना और कुरैशी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को कड़े संघर्ष के बाद चेन्नई ओपन टेनिस में पहले राउंड का पुरुष डबल्स मुकाबला जीत लिया है।
दो वर्ष बाद एक साथ आए भारत और पाक की जोड़ी ने पूर्व चैंपियन स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका और फ्रांस के बेनोट पेयरे की जोड़ी को 6-4, 4-6, 11-9 से हराकर पहले राउंड का मुकाबला जीता।
शुरुआत में बोपन्ना-कुरैशी की जोड़ी को कड़ी टक्कर देने के बाद स्विस-फ्रेंच जोड़ी को सुपर टाई ब्रेकर में खींचे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
पहला सेट भी दोनों जोड़ियों के बीच चुनौतीपूर्ण रहा और 10वें गेम में जाकर बोपन्ना ने वावरिंका की सर्विस ब्रेक कर 6-4 से सेट अपने नाम किया।
लेकिन, दूसरे सेट में भारत-पाक जोड़ी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा और वावरिंका-बेनोट की जोड़ी ने पहले और सातवें गेम में सर्विस ब्रेक की जबकि स्विस-फ्रेंच जोड़ी की सर्विस केवल एक बार ही तोड़ने में बोपन्ना-कुरैशी कामयाब रहे।
दूसरी ओर, सिंगल्स में टॉप सीड स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने जर्मनी के बेंजामिन बेकर को 6-3, 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
चेन्नई ओपन से हटे लिएंडर पेस
दिग्गज युगल खिलाड़ी लिएंडर पेस चेन्नई ओपन में इस बार नए जोड़ीदार के साथ उतर रहे थे लेकिन अपने जोड़ीदार के हट जाने के कारण पेस को बिना कोई मैच खेले साल के पहले टूर्नामेंट से हटना पड़ा।
पेस के जोड़ीदार इटली के फेबियो फोगनिनी पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गए।