अपने शीर्ष एकल खिलाड़ियों सोमदेव देववर्मन और यूकी भांबरी की वापसी से मजबूत हुई भारतीय टीम इंडोनेशिया के खिलाफ यहां शुक्रवार से होने वाले डेविस कप एशिया ओसनिया जोन ग्रुप-एक के मुकाबले में जीत के दावेदार के रूप में उतरेगी।
भारत ने अब तक इंडोनेशिया के खिलाफ अपने सभी पांचों मुकाबले जीते हैं। दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत 1992 में हुई थी। तब भारत ने 5-0 से जीत दर्ज की थी।
इंडोनेशिया के गैर खिलाड़ी कप्तान हैंडरी सुसीलो प्रामोनो ने कहा कि भारत के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए उनकी टीम को चमत्कार की उम्मीद होगी।
इंडोनेशिया की टीम में शीर्ष खिलाड़ी क्रिस्टोफर रंगकैट हैं जिनकी रैंकिंग 300 है। अन्य सदस्यों में अल्बर्ट सेई, विष्णु नुगरोहो और डेविड सुशांतो शामिल हैं।
भारतीय टीम में वापस लौटे सोमदेव की विश्व रैंकिंग 208 है जबकि युकी भांबरी 279 वें स्थान पर हैं। भारतीय टीम के कोच जीशान अली ने कहा, ‘इंडोनेशिया के खिलाफ पिछला प्रदर्शन इतिहास है। हम नई शुरुआत कर रहे हैं।’
2016 ओलंपिक में खेलना मेरा सपना: पेस
भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने कहा कि उनकी फिटनेस अभी काफी अच्छी है और ब्राजील में होने वाले 2016 ओलंपिक में खेलना उनका सपना है। इस साल जून में 40 साल के होने वाले पेस ने कहा, ‘मेरी फिटनेस अभी काफी अच्छी है और मैं चोटिल भी नहीं हूं। मैं अभी तीन या साढ़े तीन साल और खेल सकता हूं।’ साथ ही पेस ने कहा कि युकी भांबरी, सोमदेव और सनम सिंह भविष्य के खिलाड़ी हैं और ये मुझे अगले ओलंपिक में खेलने के लिए प्रेरित करेंगे।