दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक को वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में चीन की क्वालिफायर और 130वीं रैंकिंग वाली युआन युइ को 7-6, 6-3 से हराने में काफी मेहनत करनी पड़ी। पिछले साल विंबलडन जीत चुकीं स्वियातेक ने चार फ्रेंच ओपन और 2022 में यूएस ओपन जीता था लेकिन अभी तक मेलबर्न पार्क पर खिताब नहीं जीत सकी हैं।
सोफिया केनिन बाहर
विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज अमांडा एनिसिमोवा और छठी रैंकिंग प्राप्त जेसिका पेगुला भी सीधे सेटों में जीत गईं। वहीं आठवीं रैंकिंग वाली मिर्रा आंद्रीवा, 17वीं रैंकिंग वाली विक्टोरिया एमबोको और 25वीं रैंकिंग वाली पाउला बाडोसा भी दूसरे दौर में पहुंच गईं। वहीं 2020 की चैंपियन सोफिया केनिन अमेरिका की ही पेटोन स्टीयर्न्स से 3-6, 2-6 से हारकर बाहर हो गईं।
एलियास्सिमे रिटायर हुए
कनाडा के सातवीं रैंकिंग वाले फेलिक्स आगर एलियास्सिमे चोट के कारण पुर्तगाल के नुनो बोर्गेस के खिलाफ मैच से बीच में रिटायर हो गए। बोर्गेस उस समय 3-6, 6-4, 6-4 से आगे थे। स्विट्जरलैंड के स्टान वावरिंका ने लास्लो जेरे को 5-7, 6-3, 6-4, 7-6 से हराया। उन्होंने पिछले महीने घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी सत्र होगा। तीन बार के उपविजेता दानिल मेदवेदेव ने जेस्पर डि जोंग को 7-5, 6-2, 7-6 से मात दी। वहीं, 19वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल ने अलेक्जेंडर कोवासेविच को 6-4, 6-3, 6-3 से हराया।