गर्बाइने मुगुरूजा बनाम मारिया शारापोवा
स्पेनिश टेनिस स्टार गर्बाइने मुगुरूजा ने बुधवार को दो बार की चैंपियन मारिया शारापोवा को फ्रेंच ओपन से बाहर कर दिया। अमेरिका दिग्गज सेरेना विलियम्स के हटने से क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं रूसी खिलाड़ी शारापोवा को मुगुरूजा के हाथों 2-6, 1-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला एक घंटे दस मिनट तक चला।
पंद्रह माह के प्रतिबंध के बाद शारापोवा पहली बार लाल बजरी पर खेल रही थी। इस हार के साथ 30वीं वरीय शारापोवा का तीन साल बाद किसी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया। वह इससे पहले 2015 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचीं थी।
2016 की चैंपियन तीसरी वरीय मुगुरूजा ने रोलां गैरो पर अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। वह तीसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम चार में पहुंची हैं। अब सेमीफाइनल में विबंलडन चैंपियन मुगुरूजा का सामना दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना हालेप से होगा।
रोमानियाई खिलाड़ी हालेप ने दूसरे क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की एंजेलिक कर्बर को तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-7, 6-3, 6-2 से पराजित किया। पहला सेट हारने के बाद हालेप ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दोनों सेट जीतकर अंतिम चार का टिकट कटाया। सिमोना की निगाह करियर के पहले ग्रैंड स्लैम खिताब पर है।