स्पेन के राफेल नडाल ने ऑस्ट्रिया के डॉमिनिक थीम को हराते हुए रिकॉर्ड 12वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता। लाल बजरी पर उन्होंने लगातार तीसरे साल विजेता बनकर जीत की हैट्रिक लगाई है। नडाल ने पिछले साल भी थीम को ही फाइनल में हराया था।
यह नडाल का 12वां फ्रेंच ओपन टाइटल था। 33 साल के नडाल ने 18वां ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल अपने नाम किया। अब यह खिलाड़ी अब चिर प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर से 2 खिताब पीछे चल रहे हैं।
नडाल को यह खिताब जीतने के लिए 3 घंटे 01 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा। ऑस्ट्रिया के 25 वर्षीय डोमिनिक थीम को इस मैच में 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि नडाल ने जहां सेमीफाइनल में रोजर फेडरर को 6-3, 6-4, 6-2 से मात दी थी तो थीम ने वर्ल्ड नंबर-1 सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच को सेमीफाइनल में हराया था।