ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीम ने सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को मात देते हुए फ्रेंच ओपन फाइनल में जगह बना ली है। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उनका सामना राफेल नडाल से होगा।
32 वर्षीय खिलाड़ी ने जोकोविच को 6-2 3-6 7-5 5-7 7-5 से इस मुकाबले में मात दी। इसके पहले नोवाक जोकोविच और डोमीनिक थिएम के बीच शुक्रवार को रोलां गैरां में शुरू हुआ सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। मुकाबला रद्द होने तक थिएम, जोकोविच पर 6-2, 3-6, 3-1 से बढ़त बना चुके थे।
गौरतलब है कि शीर्ष वरीय और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने आसान मुकाबले में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में हराकर नौवीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
जोकोविच ने ज्वेरेव के खिलाफ 7-5, 6-2, 6-2 से जीत के साथ 35वीं बार ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, डोमीनिक थिएम ने रूस के करेन खचानोव के खिलाफ सीधे सेटों में 6-2, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज करके लगातार चौथे साल सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।