नोवाक जोकोविच और डोमीनिक थिएम के बीच शुक्रवार को रोलां गैरां में होने वाला सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। दोनों खिलाड़ी को अब अपने मैच खेलने के लिए इतंजार करना पड़ेगा।
मुकाबला रद्द होने तक थिएम, जोकोविच पर 6-2, 3-6, 3-1 से बढ़त बना चुके थे। ताजा जानकारी के मुताबिक अब दोनों खिलाड़ियों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला शनिवार को होगा। इस बात की जानकारी आयोजनकर्ता ने दी।
गौरतलब है शीर्ष वरीय और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने आसान मुकाबले में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में हराकर नौवीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
जोकोविच ने ज्वेरेव के खिलाफ 7-5, 6-2, 6-2 से जीत के साथ 35वीं बार ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, डोमीनिक थिएम ने रूस के करेन खचानोव के खिलाफ सीधे सेटों में 6-2, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज करके लगातार चौथे साल सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।