अमेरिका की टेनिस सनसनी वीनस विलियम्स अब तक चार ओलंपिक में खेल चुकी पहली टेनिस स्टार बन चुकी हैं। लेकिन उनका यह सफर यहीं रुकने वाला नहीं है। 2016 में रियो में होने वाले अगले ओलंपिक में भी 36 वर्षीय वीनस खेलते हुए दिख सकती हैं। वीनस विलियम्स वर्ष 2000 में हुए सिडनी ओलंपिक में सिंगल्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। यही नहीं बहन सेरेना विलियम्स के साथ डबल्स में भी वर्ष 2000 और 2008 में बीजिंग ओलंपिक में खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।
अब वीनस की नजर 2016 में होने वाले रियो ओलंपिक पर टिकी है। वीनस कहती हैं कि वे बहन सेरेना के साथ रियो ओलंपिक में भी खेलना चाहती हैं। 1997 में टेनिस की शुरुआत करने के बाद पांच बार विम्बलडन चैंपियन रह चुकी वीनस को इस महीने की शुरुआत में ग्रैंड स्लेम इवेंट के पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा था। वीनस कहती हैं कि सिंगल्स में जीतना हमेशा आसान नहीं होता।