दिग्गज लिएंडर पेस और मार्कस डेनियल की जोड़ी एटीपी हाल हॉफ फेम ओपन के सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई। पेस और न्यूजीलैंड के डेनियल की तीसरी वरीय जोड़ी को मार्सेल ग्रेनोलर्स और सर्गेई स्टाखोवस्की की गैरवरीय जोड़ी के हाथों 6-3, 6-7, 9-11 से हार झेलनी पड़ी। हालांकि हार के बावजूद 46 वर्षीय पेस पिछले 13 वर्षों में एटीपी सेमीफाइनल में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले 2006 में सेन जोस में 47 वर्षीय जान मैकेनरो ने ऐसा किया था।
नई रैंकिंग में उनके 75 से 72वें स्थान पर पहुंचने की उम्मीद है। मौजूदा सत्र में यह चौथा मौका है जब पेस एटीपी विश्व टूर के सेमीफाइनल में पहुंचे। एटीपी टूर पर 766वीं जीत के साथ पेस युगल में सर्वाधिक जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर हैं। वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने टूर स्तर पर युगल वर्ग में 750 से अधिक जीत दर्ज की हैं। उन्होंने अप्रैल 2018 में 750वीं जीत दर्ज की थी।