टॉप सीड सर्बिया के नोवाक जोकोविच गजब की संघर्ष क्षमता और दृढ़ता का प्रदर्शन करते हुए ग्रास कोर्ट किंग स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर का विंबलडन में इतिहास बनाने का सपना 6-7, 6-4, 7-6, 5-7, 6-4 से तोड़कर ऑल इंग्लैंड में दूसरी बार चैंपियन बन गए।
2011 में चैंपियन रह चुके दूसरी सीड जोकोविच ने पहला सेट टाई ब्रेक में हारने के बाद शानदार वापसी की और फेडरर का रिकॉर्ड आठवां विंबलडन और 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया।
जोकोविच ने पांचवें और निर्णायक सेट के दसवें गेम में फेडरर का संघर्ष सर्विस ब्रेक के साथ तोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। जोकोविच ने इस जीत से फेडरर के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 35 मैचों में 17 जीत और 18 हार का कर लिया है।
27 वर्षीय जोकोविच के पास चौथे सेट में 5-2 की बढ़त और चैंपियनशिप अंक था, लेकिन स्विस मास्टर ने शानदार वापसी करते हुए यह सेट 7-5 से जीतकर मैच को निर्णायक सेट में खींच दिया। निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 4-4 के स्कोर तक अपनी सर्विस बरकरार रखी।
जोकोविच ने यहां से पहले 5-4 की बढ़त बनाई और फिर 10वें गेम में फेडरर की सर्विस ब्रेक कर खिताब पर कब्जा कर लिया।