दुनिया के नंबर-1 और 12 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नोवाक जोकोविच ने अमेरिकी ओपन फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में उनका मुकाबला स्विस खिलाड़ी स्टान वावरिंका से होगा। जोकोविच ने सेमीफाइनल में गाएल मोंफिल्स को 6-3, 6-2, 3-6, 6-2 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरी तरफ तीसरी वरीयता प्राप्त वावरिंका ने जापान के केइ निशिकोरि को 4-6, 7-5, 6-4 , 6-2 से हराया। जोकोविच का वावरिंका के खिलाफ रिकॉर्ड 19-4 का है जिसमें पिछले साल फ्रेंच ओपन फाइनल में स्विस खिलाड़ी ने जोकोविच को हराया था। जोकोविच ने मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया और मोंफिल्स के तेज शॉट्स का अपने अंदाज में जवाब दिया और करियर के 21वें ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश किया।
जोकोविच ने इस बार यूएस ओपन में अब-तक दो ही मैच खेले हैं क्योंकि एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उन्हें वॉकओवर मिल गया और दो खिलाड़ियों ने चोट के कारण बीच में ही छोड़ दिया। 10वीं वरीयता प्राप्त मोंफिल्स को कोर्ट पर जान बूझकर सुस्ती दिखाने के लिये दर्शकों की हूटिंग का भी सामना करना पड़ा।