21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन शनिवार को टेबल टेनिस मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। गोल्ड कोस्ट में चल रहे मैन्स टीम इवेंट क्वार्टरफाइनल के पहले मैच में हरमीत सिंह ने ची फेंग लियोंग को 11- 4, 12-10, 11- 6 से हराया। वहीं, दूसरे मैच में शरत कमल ने मुहम्मद अशरफ को 11-8, 11-7, 11-3 से हराया। तीसरे मैच में साथियान और हरमीत सिंह की जोड़ी ने जावन और ची फेंग लियोंग को 11-7, 11-6, 11-7 से हराया।
इसके अलावा भारतीय महिला टीम ने भी टेबल टेनिस में अपना जलवा बिखेरा। मनिका ने पहले मैच में यिंग हो को 11-9, 11-7, 11-7 से हाराते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। वहीं मधुरिका ने कारेन लिन को 7-11, 11-9, 11-9, 11-3 से मात देकर भारत को 2-0 से बढ़त दिलाई।
वहीं, युगल मुकाबले में मौमा और मधुरिका की जोड़ी ने एइ जिन ती और यिंग हो की जोड़ी को 11-8, 10-12, 11-8, 11-7 से करारी मात देकर भारत का स्कोर 3-0 कर दिया। इसी के साथ भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल-4 में मलेशिया को 3-0 से हराया और सेमीफाइनल में अपना जगह पक्का किया।