साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट विंबलडन में दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला लगातार जारी है।
राफेल नदाल के पहले ही राउंड में बाहर हो जाने के बाद बुधवार को सात बार के चैंपियन रोजर फेडरर का अभियान भी दूसरे ही राउंड में थम गया।
हालांकि महिला वर्ग में खिताब की प्रबल दावेदार सेरेना विलियम्स शान से दूसरे राउंड में पहुंचने में कामयाब रहीं। सेरेना की इस जीत से विंबलडन के आयोजकों ने जरूर राहत की सांस ली होगी जो दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने और कई खिलाड़ियों के चोटों के कारण हट जाने से यहां ग्रास कोर्ट को लेकर काफी आलोचनाएं झेल रहे थे।
फेडरर को दूसरे राउंड में विश्व के 116वें नंबर के खिलाड़ी उक्रेन के सर्जेई स्टाकोवस्की ने 6-7, 7-6, 7-5, 7-6 से मात देकर उलटफेर का शिकार बनाया। कड़े मुकाबले में फेडरर पहला सेट जीतने में कामयाब रहे लेकिन इसके बाद वह अनजान स्टकोवस्की की कड़ी चुनौती से पार नहीं पाए।
कैरियर की सबसे शर्मनाक हार झेलने के साथ ही दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी का आठवीं बार विंबलडन खिताब अपने नाम करने का सपना भी टूट गया। हालांकि विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे ने ताइवान के लू येन सून को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में आसानी से प्रवेश कर लिया।
महिलाओं में सेरेना ने अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए फ्रांस की जी गार्सिया को आसानी से 6-3, 6-2 से रौंद दिया। मारिया शारापोवा, विक्टोरिया अजारेंका, पेत्रा क्वितोवा और कैरोलिन वोजनियास्की के बाहर हो जाने के बाद सेरेना के लिए मुकाबला आसान हो गया है।
महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में छठी सीड चीन की ली ना ने एस हालेप को 6-2, 1-6, 6-0 से, 14वीं सीड सामंथा स्टोसर ने ओ पुचकोवा को 6-2, 6-2 से और 18वीं सीड डी सिबुलकोवा ने एम टोरो फ्लोर को 6-0, 6-1 से हराया।