एटीपी पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब हो गई है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए फ्रांस के जूलियन बेनेतू और एड्रियान मनारिनो को सीधे सेटों में 6-0, 6-4 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला पोलैंड के मारियस फायरस्टेनबर्ग और मार्सिन मैतकोवस्की की जोड़ी से होगा।
पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में काफी उलटफेर भी देखने को मिल रहा है। जोकोविच और मरे जैसे खिलाड़ी इसी उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता देख चुके है। पुरुष एकल में स्पेन के डेविड फेरर और चेक गणराज्य के टामस बर्डिच ने भी अपने-अपने मुकाबले जीत कर पुरूष एकल के अंतिम आठ में जगह बनाने में कामयाब हो चुके है।