भारत के सोमदेव देववर्मन ताजा एटीपी रैंकिंग में 38 स्थान के सुधार के साथ 357वें स्थान पर पहुंच गए हैं लेकिन सानिया मिर्जा को डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 96 स्थान फिसलकर 381वें स्थान पर पहुंच गई हैं। सोमदेव कंधे की चोट के कारण पिछले पूरे सत्र में टेनिस कोर्ट से बाहर रहे थे और यही वजह है कि उनकी रैंकिंग में लगातार गिरावट आई थी।
लेकिन अब वह टेनिस कोर्ट पर वापसी कर चुके हैं जिससे उनकी रैंकिंग में भी सुधार आ रहा है। सोमदेव की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 62वीं है जो उन्होंने जुलाई 2011 में हासिल की थी। चिली ओपन के फाइनल में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल को हराने वाले अर्जेंटीना के होराशियो जेबालोस 30 स्थान की छलांग के साथ 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
युगल रैंकिंग में लिएंडर पेस सातवें, महेश भूपति 11वें और रोहन बोपन्ना 12वें स्थान पर बरकरार हैं। सानिया डब्ल्यूटीए एकल रैंकिंग में 96 पायदान फिसलकर 381वें स्थान पर पहुंच गई हैं। सानिया अब एकल मुकाबले नहीं खेल रही हैं जिसकी वजह से उनकी रैंकिंग में गिरावट आ रही है। उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 27वीं है जो उन्होंने जुलाई 2007 में हासिल की थी। युगल रैंकिंग में सानिया 16वें स्थान पर बरकरार हैं।