जर्मनी की टेनिस खिलाड़ी एंजेलिक कर्बर को पीठ की चोट के कारण एडिलेड अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इससे उनकी साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन की तैयारियों को करारा झटका लगा। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता था।
उन्हें यूक्रेन की डायना यास्त्रेमस्का के खिलाफ दूसरे दौर के मुकाबले में दूसरे सेट के शुरू में पीठ की समस्या शुरू हो गई थी। मेडिकल चिकित्सा लेने के बाद उन्होंने हटने का फैसला किया। वहीं क्रोएशिया की डोना वेकिच ने मारिया सकारी को दो घंटे तक चले मुकाबले में 2-6, 7-5, 6-1 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना यास्त्रेमस्का से होगा। पुरुर्ष वर्ग में रूस के एंड्रे रूबलेव ने अमेरिका के सैम कुरे को 6-3, 6-3 से शिकस्त देकर अंतिम आठ में जगह बनाई।