विश्व टेनिस में ब्रिटेन के लिए नई उम्मीद बनकर उभरे एंडी मरे ने दुनिया के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर देश को 77 साल बाद विंबलडन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब दिलाकर इतिहास रचा।
उम्मीद के विपरीत दूसरी सीड मरे ने पूर्व चैंपियन जोकोविच को सीधे सेटों में 6-4, 7-5, 6-4 से मात दी। ब्रिटेन के लिए फ्रेड पैरी ने आखिरी बार 1936 में विंबलडन जीता था।
मरे 2009 से लगातार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंच रहे थे। पिछली बार हालांकि वह फाइनल में भी पहुंचने में सफल रहे लेकिन उन्हें उपविजेता रहकर ही संतोष करना पड़ा था। इससे पहले पिछले साल यूएस ओपन का खिताब जीत चुके मरे के कैरियर का यह दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब है।
मरे ने शुरुआत से ही जोकोविच पर दबाव बनाए रखा और पहले सेट के तीसरे गेम में ही उनकी सर्विस ब्रेक कर दी। जोकोविच इस झटके से उबर नहीं सके और पहला सेट आसानी से गंवा बैठे। दूसरे सेट में भी जोकोविच कोई खास चुनौती नहीं पेश कर सके और 7-5 से सेट गंवा बैठे।
तीसरे सेट में भी जोकोविच का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह शुरुआत में ही पिछड़ गए। हालांकि तीसरे सेट के 10वें गेम में मरे जब चैंपियनशिप प्वाइंट पर थे तब जाकोविच ने दम दिखाया और उनके इतिहास रचने की समय को लगभग 15 मिनट बढ़ा दिया।
ब्रायन बंधुओं ने रचा इतिहास
अमेरिका के बॉब और माइक ब्रायन ने विंबलडन पुरुष डबल्स खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अपना 25वां ग्रैंडस्लैम फाइनल खेल रहे टॉप सीड ब्रायन बंधुओं ने फाइनल में 12वीं सीड क्रोएशिया के इवान डोडिग और ब्राजील के मार्सेलो मेलो की जोड़ी को 3-6, 6-3, 6-4, 6-4 से मात देकर अपना 15वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता।
ब्रायन बंधुओं का यह लगातार चौथा जबकि लगातार तीसरा विंबलडन ग्रैंडस्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने इस साल फ्रेंच ओपन, ऑस्ट्रेलिया ओपन और 2012 में यूएस ओपन खिताब अपने नाम किया है।
साल 1952 के बाद यह पहला मौका है जबकि चारों ग्रैंडस्लैम खिताब किसी एक जोड़ी के पास हैं। ओपन युग में लगातार चार खिताब जीतने वाली यह पहली जोड़ी है।
इससे पहले केन मैकग्रेगोर और फ्रेंक सैगमैन की जोडी ने 1951 में ऑस्ट्रेलियन ओपन से लेकर 1952 में विंबलडन तक लगातार सात खिताब जीते थे।
मैकग्रेगोर और सैगमैन की जोड़ी कैलेंडर स्लैम पूरा करने वाली टेनिस इतिहास की एकमात्र जोड़ी है। कैलेंडर स्लैम पूरा करने के लिए ब्रायन बंधुओं को अगस्त में यूएस ओपन में अपने खिताब का बचाव करना होगा।
सीह-शुई ने जीता महिला डबल्स खिताब
ताइवान की सीह सू वेई और चीन की पेंग शुई ने विंबलडन महिला डबल्स का खिताब अपने नाम किया। इस जीत से सीह सू वेई ताइवान की ओर से पहली ग्रैंडस्लैम विजेता खिलाड़ी बनीं। वहीं, शुई ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली तीसरी चीनी खिलाड़ी हैं।
आठवीं सीड सीह और शुई की जोड़ी ने शनिवार को खेले गए फाइनल में 12वीं सीड ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी एश्ले बार्टी और केसी डेलाक्वा को 7-6, 6-1 से हराया।
डेलाक्वा दुर्भाग्यशाली रहीं और उन्हें तीसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम फाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा। हालांकि वह 2011 में फ्रेंच ओपन मिक्स्ड डबल्स खिताब जीत चुकी हैं।