तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन एंडी मरे ने कहा है कि वह एकल में भी वापसी के करीब है। सब कुछ ठीक रहा तो वह दो हफ्ते बाद शुरू होने वाले सिनसिनाती ओपन में खेल सकते हैं।सिनसिनाती ओपन 10 से 18 अगस्त तक खेला जाएगा।
जनवरी में कूल्हे की सर्जरी कराने वाले ब्रिटेन के 32 वर्षीय मरे ने जून में कोर्ट पर वापसी की थी, लेकिन सिर्फ युगल मैचों में खेले थे। ताकि पता चल सके कि कूल्हे की स्थिति कैसी है। एटीपी वाशिंगटन ओपन में भाई जेमी के साथ युगल में जोड़ी बनाने वाले मरे ने कहा कि उनके कूल्हे में अब दर्द नहीं है।
इस हफ्ते वह एकल मैचों का अभ्यास शुरू करेंगे, जबकि युगल खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही मुझे लगेगा कि मैं तैयार हूं, मैं एकल खेलना शुरू कर दूंगा। मैं एकल मुकाबलों का अभ्यास शुरू करने वाला हूं और युगल में खेलता रहूंगा।
फिर हफ्ते दर हफ्ते देखेंगे कि स्थिति क्या है। सर्वश्रेष्ठ स्थिति यह होगी कि मैं सिनसिनाती में खेलूं। अगर मैं सिनसिनाती में नहीं खेल पाया तो मैं संभवत: अमेरिकी ओपन के बाद तक का इंतजार करूंगा।’