इंटरनेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (आईपीटीएल) के भारतीय लेग में इंडियन एसेस ने रोमांचक जीत के साथ शुरुआत की। एक रोमांचक मुकाबले में एसेस ने मनीला मावरिक्स को 26-25 से हराया। इससे पहले यूएई रॉयल्स ने सिंगापुर स्लैमर्स को एकतरफा मुकाबले में 29-16 से शिकस्त दी। मिक्स्ड डबल्स में दोनों ही टीमों ने ठोस शुरुआत की। हलांकि इंडियन एसेस के सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना को मावरिक्स के क्रिस्टियन फ्लिपकेंस और डेनियल नेस्टर को 6-5 से शिकस्त मिली। उसके बाद एसेस की टीम उस समय बैकफुट पर आ गई जब फ्रेंचमैन केड्रिक पाइओलाइन को ऑस्ट्रेलिया के मार्क फिलिपाउसिस के हाथों 4-6 से शिकस्त मिली। इसके बाद बोपन्ना और गेल मोंफिल्स ने पुरुषों के डबल्स से एसेस की मैच में वापसी कराने की कोशिश की। बोपन्ना-मोंफिल्स ने ट्रेट हुए और जो विलफ्रेंड सोंगा की जोड़ी को 6-5 से हराया। अगले पुरुष सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर 18 मोंफिल्स और 12वें वरीय सोंगा के बीच जबरदस्त घमासान देखने को मिला लेकिन बाजी सोंगा के हाथ लगी, जिन्होंने मोंफिल्स को 6-4 से हराया। इसक बाद महिलाओं के सिंगल्स में एसेस की अना इवानोविच ने वर्ल्ड नंबर पांच क्रिस्टियन फ्लिपकेंस को 6-3 से हराकर स्कोर 25-25 से बराबर कर दिया, जहां शूटआउट में एसेस ने बाजी मारी।