विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में स्टार खिलाड़ियों का कारवां लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। रिकॉर्ड आठवें खिताब की तलाश में उतरे स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और फ्रेंच ओपन चैंपियन रूसी की ग्लैमर गर्ल मारिया शारापोवा ने विंबलडन के तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया। पांचवीं वरीय स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका, नौवीं सीड अमेरिका के जान इस्नर, 14वीं सीड फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा और 23वीं वरीय स्पेन के टामी रोब्रेडो भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले राउंड में पहुंच गए।
फेडरर और शारापोवा विम्बलडन के तीसरे राउंड में पहुंचे
17 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विजेता और चौथी सीड फेडरर ने लक्जमबर्ग के जाइल्स म्यूलर को 6-3, 7-5, 6-3 से हराया। मैच के दौरान वर्षा आने से सेंटर कोर्ट की छत को बंद करना पड़ा। लेकिन पिछले साल दूसरे राउंड में बाहर होने वाले फेडरर ने एक घंटे 34 मिनट में यह मुकाबला जीत लिया। ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन वावरिंका ने ताईवान के लू येन सुन को 7-6, 6-3, 3-6, 7-5 से हराया। अमेरिका के इस्नर ने फिनलैंड के जार्को निमिनेन को 7-6, 7-6, 7-5 से हराया। सोंगा ने अमेरिका के सैम क्वेरी को 4-6, 7-6, 6-7, 6-3 14-12 से और रोब्रेडो ने फ्रांस के एड्रियन मैनेरिनो को 6-4, 6-1, 7-6 से पराजित किया।
महिलाओं में पांचवीं सीड और 2004 की चैंपियन शारापोवा ने स्विट्जलैंड की क्वालीफायर तिमिया बेसिनस्ज्की को 6-2, 6-1 से धो दिया। तीसरे दौर में शारापोवा का मुकाबला दुनिया की 44वें नंबर की खिलाड़ी अमेरिका की एलिसन रिस्के से होगा। नौवीं सीड जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने ब्रिटेन की हीथर वाटसन को 6-2, 5-7, 6-1 से हराया जबकि 13वीं सीड कनाडा की यूजिनी बुकार्ड ने स्पेन की सिल्विया सोलर एस्पीनोसा को 7-5, 6-1 से शिकास्त दी। इसी बीच तीसरी सीड रोमानिया की सिमोना हालेप ने उक्रेन की लोसिया सूरेंको को 6-3, 4-6, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई जबकि 16वीं सीड डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियास्की और 22वीं वरीय रूस की एकाटेरिना माकारोवा भी जीतने में सफल रहीं। वोज्नियास्की ने क्रोएशिया की युवा खिलाड़ी एना कोनजुह को 6-3, 6-0 से और माकारोवा ने फ्रांस की कैरोलिन गार्सिया को 7-5, 6-3 से हराया।