फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सैयद मोदी इंटरनेशनल: फाइनल में थाईलैंड की सुपानिडा से हारीं तन्वी शर्मा, खिताब जीतने का सपना टूटा

Sun, 29 Nov 2026 07:28 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

भारत की तन्वी शर्मा को सैयद मोदी इंटरनेशनल 2026 के महिला एकल फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। थाईलैंड की सुपानिडा कटेथोंग ने उन्हें 11-21, 21-12, 21-15 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तन्वी इस साल अपना दूसरा सुपर 300 खिताब जीतने से चूक गईं।

विज्ञापन
तन्वी शर्मा - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा को सैयद मोदी इंटरनेशनल 2026 के महिला एकल फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिडा कटेथोंग ने तन्वी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 11-21, 21-12, 21-15 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबला 54 मिनट तक चला। दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन पहले गेम में पिछड़ने के बाद सुपानिडा ने जोरदार वापसी की। उन्होंने अगले दोनों गेम जीतकर भारतीय खिलाड़ी की खिताब जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन


पहले गेम में तन्वी का रहा दबदबा
फाइनल के पहले गेम में तन्वी शर्मा ने आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद भी भारतीय खिलाड़ी ने अपनी लय बरकरार रखी और 21-11 से गेम जीतकर मुकाबले में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, दूसरे गेम में सुपानिडा ने शानदार वापसी की। दोनों खिलाड़ियों के बीच शुरुआती अंक हासिल करने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। ब्रेक तक थाई खिलाड़ी ने एक अंक की बढ़त बना रखी थी। इसके बाद उन्होंने लगातार सात अंक हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और 21-12 से गेम जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया।
Trending Videos
विज्ञापन

तन्वी शर्मा - फोटो : IANS
निर्णायक गेम में पिछड़ गईं भारतीय खिलाड़ी
तीसरे और निर्णायक गेम में भी सुपानिडा ने अच्छी शुरुआत की और लगातार चार अंक हासिल किए। हालांकि, तन्वी ने वापसी करते हुए शानदार खेल दिखाया और ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बना ली। लेकिन मुकाबले के अंतिम चरण में तन्वी अपनी बढ़त कायम नहीं रख सकीं। उनके कुछ शॉट कोर्ट से बाहर चले गए, जिसका फायदा सुपानिडा ने उठाया। थाई खिलाड़ी ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पांच मैच प्वाइंट हासिल किए। आखिरकार तन्वी का एक शॉट नेट में चला गया और सुपानिडा ने 21-15 से निर्णायक गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

उन्नति हुड्डा को हराकर फाइनल में पहुंची थीं तन्वी
इससे पहले तन्वी शर्मा ने सेमीफाइनल में अपनी हमवतन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए इस मुकाबले में तन्वी ने जीत दर्ज की थी। वहीं, उन्नति हुड्डा को एक बार फिर सैयद मोदी इंटरनेशनल के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। वह इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में तीसरी बार बाहर हुईं। उन्हें तन्वी के खिलाफ 21-11, 10-21, 13-21 से हार मिली। तन्वी के पास इस साल अपना दूसरा सुपर 300 खिताब जीतने का मौका था। इससे पहले उन्होंने ताइपे ओपन में खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, फाइनल में हार के चलते उनका यह सपना अधूरा रह गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें