सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला युगल वर्ग के फाइनल में मौजूदा चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम में बढ़त बनाने के बावजूद भारतीय जोड़ी अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और तीन गेम तक चले मुकाबले में खिताब गंवा दिया।
त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने फाइनल की शुरुआत शानदार अंदाज में की। दोनों ने कड़े मुकाबले में पहला गेम 24-22 से अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी की पकड़ कमजोर पड़ गई और उन्हें 12-21 से हार झेलनी पड़ी। निर्णायक तीसरे गेम में त्रीसा और गायत्री ने एक बार फिर अच्छा खेल दिखाया और मुकाबले में बढ़त बनाए रखी। लेकिन अंतिम क्षणों में उनकी लय बिगड़ गई। इसका फायदा उठाते हुए विपक्षी जोड़ी ने 21-19 से तीसरा गेम जीत लिया। इस तरह भारतीय जोड़ी को खिताब से हाथ धोना पड़ा और वह अपने खिताब का बचाव करने में नाकाम रही।