फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन गेम्स 2026: प्राची चौधरी ने जीता कांस्य, तजिंदरपाल के नाम चांदी; अनिमेष और गुलवीर-यूनूस फाइनल में पहुंचे

Sat, 26 Sep 2026 05:46 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

सार

प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर में कांस्य, जबकि तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के शॉट पुट में रजत पदक जीता। अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर और गुलवीर सिंह व यूनूस शाह ने 1500 मीटर के फाइनल में जगह बनाकर भारत की पदक उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

विज्ञापन
तजिंदरपाल सिंह-प्राची चौधरी - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स के मैदान से भारत के लिए शनिवार का दिन पदकों और फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से अहम रहा। प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता, जबकि दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के शॉट पुट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर के फाइनल में जगह बनाई। गुलवीर सिंह और यूनूस शाह ने भी पुरुषों की 1500 मीटर के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
विज्ञापन

प्राची चौधरी ने 400 मीटर में जीता कांस्य
प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर फाइनल में 53.21 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता। बहरीन की सलवा ईद नासेर ने 49.20 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। ईरान की जहरा जरी मनोजन 52.38 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। भारत की एक अन्य धाविका किरण 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि दक्षिण कोरिया की सियोयोन किम चौथे स्थान पर रहीं। प्राची के कांस्य के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या 30 हो गई है। भारत के खाते में अब चार स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य पदक हैं।

तजिंदरपाल सिंह तूर को शॉट पुट में सिल्वर
दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर पुरुषों के शॉट पुट में अपना खिताब नहीं बचा सके और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। तूर ने 20.64 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। तूर ने 20.06 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की और दूसरे प्रयास में 20.26 मीटर का थ्रो किया। तीसरे और चौथे प्रयास में उनका प्रदर्शन 19.77 और 19.71 मीटर रहा। इसके बाद पांचवें प्रयास में उन्होंने 20.64 मीटर का थ्रो कर पदक पक्का किया। उनका छठा और आखिरी प्रयास फाउल रहा।

ईरान के मोहम्मदरेजा तेयबी ने 20.81 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने तूर का 20.75 मीटर का पिछला एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ा, जो भारतीय एथलीट ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में बनाया था। तूर ने 2018 जकार्ता और 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। सिल्वर के साथ उन्होंने एशियन गेम्स में अपनी पदक जीतने की परंपरा बरकरार रखी।
विज्ञापन

अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर फाइनल में बनाई जगह
भारत के अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने तीसरे सेमीफाइनल में 20.81 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 20.10 सेकंड के समय के साथ सेमीफाइनल जीता और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। अनिमेष ने 100 मीटर के फाइनल में जगह नहीं बना पाने के बाद अब 200 मीटर में पदक की दौड़ में जगह बनाई है।

1500 मीटर फाइनल में गुलवीर और यूनूस
भारत के दो एथलीट गुलवीर सिंह और यूनूस शाह पुरुषों की 1500 मीटर के फाइनल में पहुंच गए हैं। गुलवीर ने हीट-2 में 3:45.79 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि यूनूस ने हीट-1 में 3:45.77 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों भारतीय एथलीट अब सोमवार को होने वाले 1500 मीटर फाइनल में पदक के लिए उतरेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें