फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Subroto Cup: 18 अगस्त से शुरू होगा सुब्रतो कप, 107 टीमें और 215 से ज्यादा मुकाबलों पर रहेंगी नजरें

Wed, 12 Aug 2026 10:29 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सुब्रतो कप के 65वें संस्करण का आयोजन 18 अगस्त से 24 सितंबर तक नई दिल्ली-एनसीआर और बंगलूरू में होगा। तीन कैटेगरी में 107 टीमें हिस्सा लेंगी और टूर्नामेंट में 215 से ज्यादा मुकाबले खेले जाएंगे।
विज्ञापन
सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रतिष्ठित सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का 65वां संस्करण 18 अगस्त से 24 सितंबर तक नई दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता की आधिकारिक घोषणा बुधवार को एयर मार्शल एस. शिवकुमार वीएसएम की मौजूदगी में की गई। इस बार टूर्नामेंट में भारत के अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और शैक्षणिक संस्थानों की 107 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में श्रीलंका की टीम भी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तौर पर शामिल होगी। तीन आयु वर्गों में कुल 215 से अधिक फुटबॉल मैच खेले जाएंगे।
विज्ञापन

तीन कैटेगरी में होंगे मुकाबले
सुब्रतो कप में इस बार तीन कैटेगरी में टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी। इनमें जूनियर गर्ल्स (अंडर-17), सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) और जूनियर बॉयज (अंडर-17) शामिल हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 18 अगस्त को नई दिल्ली-एनसीआर में जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) कैटेगरी से होगी। इस वर्ग के मुकाबले 27 अगस्त तक खेले जाएंगे। इसके बाद एक सितंबर से नौ सितंबर तक बंगलूरू में सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) कैटेगरी के मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट का अंतिम चरण 15 सितंबर से 24 सितंबर तक नई दिल्ली-एनसीआर में जूनियर बॉयज (अंडर-17) कैटेगरी में खेला जाएगा।

एयर मार्शल एस. शिवकुमार ने क्या कहा?
एस. शिवकुमार एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी (एसएमएसईएस) के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना और एसएमएसईएस हर साल इस टूर्नामेंट को और बड़ा और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपने करियर में आगे बढ़ने का मंच मिल सके।

उन्होंने सभी क्वालिफाई करने वाली टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मशहूर भारतीय फुटबॉलर आशालता देवी लोइतोंगबम गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर मौजूद रहीं।
विज्ञापन

इन मैदानों पर होंगे मुकाबले
नई दिल्ली-एनसीआर में टूर्नामेंट के मुकाबले अंबेडकर स्टेडियम, तेजस फुटबॉल ग्राउंड, सुब्रतो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे। वहीं, बंगलूरू में मुकाबलों का आयोजन एयर फोर्स स्कूल (जलाहल्ली), एयर फोर्स स्कूल (येलाहंका) और सुब्रतो फुटबॉल ग्राउंड (जलाहल्ली) में किया जाएगा।

टूर्नामेंट का कार्यक्रम
जूनियर गर्ल्स (अंडर-17): 18 से 27 अगस्त
सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15): 1 से 9 सितंबर
जूनियर बॉयज (अंडर-17): 15 से 24 सितंबर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें