कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में लवप्रीत सिंह ने देश को 14वां पदक दिलाया है। वेटलिफ्टिंग में यह भारत का नौवां पदक है। लवप्रीत ने पुरुषों के 109 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता है। कॉमनवेल्थ गेम्स में यह उनका पहला पदक है। इस प्रतियोगिता में लवप्रीत को शुरुआत से ही पदक का दावेदार माना जा रहा था और उन्होंने निराश नहीं किया।
लवप्रीत का प्रदर्शन
लवप्रीत ने स्नैच राउंड में अपने पहले प्रयास में 157 किलोग्राम वजन उठाया। इसके बाद दूसरे प्रयास में 161 और तीसरे प्रयास में 163 किलोग्राम वजन उठाया। स्नैच राउंड खत्म होने के बाद लवप्रीत दूसरे स्थान पर थे। समोआ के जैक हिटिला ने उनसे एक किलोग्राम ज्यादा वजन उठाया था। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में लवप्रीत ने पहले प्रयास में 185 और दूसरे प्रयास में 189 किलोग्राम वजन उठाया। अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने 192 किलोग्राम वजन उठाया और इसके साथ ही अपना पदक पक्का कर लिया। लवप्रीत ने कुल 355 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।