भारतीय पुरूष और महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीमें विश्व कप के दूसरे चरण के फाइनल्स में पहुंच गई जिससे भारत के कम से कम दो पदक पक्के हो गए। भारत के ओजस देवताले, अभिषेक वर्मा और ऋषभ यादव की नंबर एक टीम ने ब्रिटेन को क्वार्टर फाइनल में 239-232 से हराया । इसके बाद डेनमार्क को 232-231 से मात दी। वहीं, भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने बुधवार को ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना अभियान शानदार तरीके से शुरू करते हुए सीधे गेम में जीत दर्ज कर कई अन्य युवा खिलाड़ियों के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई।
महिला कंपाउंड वर्ग में भारत की मधुरा धमनगांवकर, चिकिता तानीपर्थी और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने कजाखस्तान की टीम को क्वार्टर फाइनल में हराया । इसके बाद ब्रिटेन को हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां शनिवार को उसका सामना मैक्सिको से होगा। ब्रिटेन के खिलाफ पुरूष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भारत ने पहली सीरिज 59-60 से गंवा दी जिसके बाद 60-58 से जीता । तीसरी सीरिज में भारत 60-57 से विजयी रहा और चौथा सेट भी इसी अंतर से जीता। सेमीफाइनल में भारत ने पहली सीरिज 57-60 से गंवाई जबकि दूसरी में स्कोर 58-58 रहा। तीसरी सीरिज भारत ने 115-118 से गंवाई । इसके बाद भारत ने 57-56 से जीत दर्ज की। महिला कंपाउंड वर्ग में भारत ने कजाखस्तान को 232-229 से और ब्रिटेन को 232-230 से हराया।