Sports News in Hindi: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर हो रही राष्ट्रीय फुटबॉल में सब जूनियर बालिका वर्ग का सेमीफाइनल शनिवार को हुआ। इसमें तेलंगाना की टीम को 4-1 से हराकर यूपी टीम फाइनल में पहुंच गई। पहले हाफ में यूपी टीम का स्कोर 0 रहा वहीं दूसरे हाफ में चार गोल दागकर टीम ने मुकाबला जीत लिया।
उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अवैतनिक महासचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया कि उत्तर प्रदेश की सब जूनियर बालिका फुटबॉल टीम पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीतने के करीब पहुंच गई है। लीग मैच में उत्तर प्रदेश ने अंडमान-निकोबार को एकतरफा मुकाबले में 16-0 से मात दी। दूसरे लीग मैच में पुडुचेरी को 10-0 से हराया।
वहीं अरुणाचल प्रदेश की टीम के नहीं आने से यूपी को वाॅकओवर मिला। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में यूपी की टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और तेलंगाना को करारी शिकस्त दी। खेल के पहले हाफ में तेलंगाना 1-0 से आगे थी। दूसरे हाफ का खेल शुरू होते ही उत्तर प्रदेश ने अपनी रणनीति में बदलाव किया।
खेल के 59वें मिनट में यूपी टीम की नेहा ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। खेल के 69वें मिनट में राधिका और 84वें मिनट में गरिमा और 88वें मिनट में जन्नत ने गोल कर यूपी टीम का स्कोर 4-1 कर दिया। अंतिम सीटी बजने तक उत्तर प्रदेश की टीम ने बढ़त बरकरार रखी और मुकाबला जीत लिया। टीम के हेड कोच रवि पूनिया, मैनेजर उर्वशी शिखरवार ने जीत पर बधाई दी है।
यूपी टीम में वाराणसी की चार खिलाड़ी
फाइनल में पहुंची यूपी की फुटबाॅल टीम में वाराणसी की चार बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें वर्षा, रितु कन्नौजिया, अंशिका पटेल, सानिया पटेल हैं। इनमें सानिया पटेल गोल स्कोर करने में सबसे आगे हैं। इन खिलाड़ियों ने आगरा में आयोजित शिविर में प्रशिक्षण लेकर यूपी टीम में जगह बनाई है।
बेबी लीग फुटबॉल का उद्घाटन आज
फुटबॉल नर्सरी की ओर से छह दिवसीय बेबी लीग फुटबॉल प्रतियोगिता बरेका इंटर कॉलेज मैदान में खेली जाएगी। इसका उद्घाटन 24 अगस्त रविवार को शाम चार बजे होगा। आयोजन सचिव फुटबॉल नर्सरी के कोच भैरव दत्त ने बताया की सब जूनियर बेबी लीग फुटबॉल 24 से 29 अगस्त तक खेली जाएगी। इसके लिए बालक बालिका वर्ग में 12 टीमों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता का फाइनल 29 अगस्त को हाेगा।
28 को होगी स्कूली भारोत्तोलन प्रतियोगिता
जिलास्तरीय स्कूली भारोत्तोलन प्रतियोगिता 28 अगस्त को होगी। बालक वर्ग की प्रतियोगिता चौखंभा स्थित अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय में सुबह आठ बजे से होगी। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को पात्रता प्रमाणपत्र सात प्रतियों में बार कोड वाले जन्म प्रमाणपत्र के साथ जमा करना होगा। इसके विजेता खिलाड़ी मंडलीय मुकाबले में खेलेंगे।
25 को होगी विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता
69वीं माध्यमिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 25 अगस्त को सुबह नौ बजे से खेली जाएगी। इसकी मेजबानी विकास इंटर कॉलेज करेगा। इसमें चार जिलों से अंडर-14, 17 और 19 वर्ग के कुल 400 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इंटर हाउस टेबल टेनिस में अनुप्रिया जीतीं
परमानंदपुर के विकास इंटर काॅलेज के इंडोर हाॅल में शनिवार को इंटर हाउस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अनुप्रिया पटेल ने संगीता पटेल को कड़े मुकाबले में 21-20, 21-19 अंकों से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रतियोगिता की युगल श्रेणी में शगुन मौर्य और संगीता पटेल की जोड़ी, अनुष्का वर्मा और वैष्णवी साहू की जोड़ी को 21-20, 21-18 अंकों से हराकर पहला स्थान हासिल किया। विजेता जोड़ी ने स्पिन शॉट के जरिये कई अंक जुटाए। निर्णायक पंकज पाल रहे।
अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय कराटे में खेलेंगे काशी के बालक-बालिका वर्ग के सात खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता नेपाल के कनकपुर स्टेडियम में 26 से 28 अगस्त तक होगी। इसके लिए जिले से सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। वाराणसी कराटे एसोसिएशन के अविनाश गुप्ता ने बताया कि कुमिते और काता के बालक वर्ग में मानस श्रीवास्तव, अनिकेत सिंह, ओम सिंह और सिद्धांत सिंह का चयन हुआ है। वहीं बालिका वर्ग में आराध्या श्रीवास्तव, अदीना फातमा और समृद्धि सोनी का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
जिलास्तरीय वॉलीबॉल के लिए 4 का चयन
69वीं माध्यमिक स्कूली वॉलीबॉल चोलापुर जोन की प्रतियोगिता वीर लोरिक इंटर कॉलेज में खेली गई। इसमें जोन के करीब 100 खिलाड़ी शामिल हुए। इसमें किशन यादव, दीपक यादव, निखिल राजभर, अभिषेक यादव का जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद बिहारी उपाध्याय ने किया। निर्णायक कमला यादव और लोकेश सिंह रहे। संचालन खेल शिक्षक चंदन राय ने किया। इस मौके पर अनिल सिंह, मनीष सिंह, विजय पटेल मौजूद रहे।
बैडमिंटन खिलाड़ियों को दिया प्रशिक्षण
बरेका बैडमिंटन संघ की ओर से शनिवार को बरेका के इंडोर हॉल में बैडमिंटन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कोच दिग्विजय सिंह ने कोर्ट पर सही तालमेल और गति के साथ चलने और शाॅर्ट लगाने का प्रशिक्षण दिया। कोच ने बताया कि शिविर में अलग-अलग सत्रों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिविर 10 सितंबर तक चलेगा। इसमें सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के 30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रादेशिक हैंडबाॅल प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
12 सदस्यीय बालिका हैंडबॉल टीम घोषित, 2 घंटे चला ट्रायल
हैंडबॉल संघ की ओर से जिले की सब जूनियर बालिका टीम का चयन ट्रायल शनिवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुआ। इसमें 40 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। दो घंटे चले चयन परीक्षण के बाद 12 खिलाड़ियों को जिलास्तरीय टीम में चुना गया।
जिला हैंडबॉल संघ के महासचिव शम्स तबरेज शंपू ने बताया कि टीम में मानसी यादव, सोनाली पाल, आनेसा सिंह, सपना कुमारी, वंशिका प्रजापति, सेजल सिंह, आकांक्षा, नव्या मौर्या, अनामिका, रक्षा पटेल, आराध्या प्रकाश शाह और नैंसी यादव का चयन किया गया है। मंडलीय टीम का चयन 25 अगस्त को सुबह आठ बजे से लालपुर के इसी स्टेडियम में होगा। चयनित मंडलीय टीम बाराबंकी में 1 से 4 सितंबर तक होने वाली प्रादेशिक सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेलेगी।
टीम में वीपीएस की पांच छात्राएं : वाराणसी पब्लिक स्कूल लोहता केराकतपुर की पांच छात्राओं का चयन वाराणसी मंडल की हैंडबॉल टीम में हुआ है। विद्यालय के निदेशक और उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने बताया कि रक्षा पटेल, नव्या, अनामिका, आयशा और आराध्या का चयन हुआ है। छात्राएं सब-जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम से खेलेंगी। अमित पांडेय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है।
काशी विद्यापीठ में स्कूली बैडमिंटन के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
10 जोन के 200 खिलाड़ियों ने लिया भाग, पहले स्थान पर सुधा
69वीं जिलास्तरीय माध्यमिक स्कूली बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता शनिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के इंडोर हॉल में हुई। इसमें जिले के 10 जोन के करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में राधा किशोरी बालिका इंटर कॉलेज की सुधा सिंह पहले स्थान पर रहीं। वहीं दुर्गा चरण इंटर कॉलेज की श्वेता सिंह दूसरे, और सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज की भूमि त्रिपाठी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंबिका प्रसाद इंटर कॉलेज भैरवनाथ ने चौथे स्थान पर रहा।
अंडर-17 बालिका वर्ग में आर्य महिला इंटर कॉलेज की इशिता पहले, मालवीय महाविद्यालय इंटर कॉलेज की नंदिनी दूसरे, आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्राची ने तीसरा स्थान हासिल किया। सरदार पटेल इंटर कॉलेज की याना गुप्ता और अंजली शर्मा ने चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में वर्षा मौर्या, शिक्षा व पायल मौर्या ने क्रमश पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। सुभद्रा कुमारी इंटर कॉलेज की अर्पिता चौथे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का आयोजन आर्य महिला इंटर कॉलेज ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्या प्रतिभा यादव ने किया। संचालन विद्यालय की शारीरिक शिक्षा की अध्यापिका जया सिंह ने किया। निर्णायक राष्ट्रीय अंपायर डॉ. राजीव राय, बबलू यादव, अमर सिंह यादव, ताज खान रहे। इस मौके पर वाराणसी के मंडलीय सचिव विनोद सिंह यादव, डॉ. जितेंद्र, शीतल वर्मा, अनुरमा शास्त्री मौजूद रहे।