भारत की युवा सनसनी पीवी सिंधू ने रूस की ओल्गा गोलोवानाका को सीधे गेम में हराकर वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला सिंगल्स के तीसरे राउंड में पहुंच गई है।
पुरुष डबल्स में मनु अत्री और सुमित रेड्डी की जोड़ी भी 15वीं सीड जापान के हिरोकात्सु हाशिमोतो और नोरियासू हिराता की जोड़ी को 21-19, 21-19 से हराकर तीसरे राउंड में पहुंचने में सफल रही लेकिन पदक की दावेदार ज्वाला गट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को महिला डबल्स में हार का सामना करना पड़ा।
11वीं सीड सिंधू ने रूस की अपनी प्रतिद्वंद्वी को महज 40 मिनट में 21-12, 21-17 से धूल चटा दी। सिंधू का अब तीसरे राउंड में छठी सीड कोरिया की यून जू बे से मुकाबला होगा।
दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू को पहले गेम की शुरुआत में कड़ी चुनौती मिली और स्कोर एम समय 10-10 हो गया। सिंधू ने यहां से पहले 14-10 की बढ़त बनाई और फिर गेम पर आसानी से कब्जा कर लिया।
इसके विपरीत दूसरे गेम में रूसी खिलाड़ी ने जबरदस्त शुरुआत की और 11-6 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली लेकिन सिंधू ने वापसी करते हुए स्कोर 11-11 कर दिया। यहां से सिंधू ने लगातार बढ़त बनाए रखा और जीत हासिल कर ली।
इस बीच कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत विजेता जोड़ी ज्वाला और पोनप्पा को महिला डबल्स में सातवीं सीड चीनी जोड़ी क्विंग तियान और यूनले झाओ से 16-21, 8-21 से हार का सामना करना पड़ा।