नाडा ने पिछले आठ माह से बंद पड़ी डोप टेस्टिंग का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत चार साल का प्रतिबंध पूरा कर टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों के लिए सोनीपत में चल रहे शिविर में शामिल पहलवान नरसिंह यादव का सैंपल लेकर की है। इनके अलावा ओलंपिक में पदक के दावेदार बजरंग और विनेश समेत पांच पुरुष और लखनऊ में पांच महिला पहलवानों के सैंपल भी लिए। सोनीपत में नरसिंह, बजरंग, गौरव बालियान, साजन और हरप्रीत सिंह के जबकि लखनऊ में विनेश, पिंकी, निर्मला, पूजा ढांडा और सीमा के सैंपल लिए।
नाडा के राडार पर टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में जुटे एथलीटों के अलावा उसके रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल में शामिल खिलाड़ी रहेंगे। नाडा के महानिदेशक नवीन अग्रवाल ने कहा कि इस सिलसिले को आगे बढ़ाया जाएगा। कुछ दिन पहले ही नाडा ने डोप टेस्टिंग के लिए अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की थी। इससे पहले वाडा के निर्देश पर इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने टेस्टिंग अभियान छेड़ रखा है। आईटीए की टीम एक माह में तीन बार एनआईएस पटियाला का दौरा कर चुकी है।