ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत की साइना नेहवाल ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। साइना ने थाईलैंड की सपसिरी थेराटानाचई को 21-8, 18-21, 21-16 से हराया।
साइना का अगला मुकाबला बेलात्रिक्स मनुपति और मिनात्सु मितानी के बीच होने वाले विजेता से होगा। कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण विजेता ने थाई खिलाड़ी को बाहर का रास्ता दिखाने में 53 मिनट लिए।
वहीं, मिक्स्ड डबल्स में भारत के तरूण कोना और अश्विनी पोनप्पा तथा अक्ष्या देवालकर और प्रदन्या गादरे की चुनौती पहले राउंड में ही खत्म हो गई थी।
रैंकिंग में तीसरे पायदान पर फिसलीं साइना
बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्लूएफ) द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में भारत की नंबर वन महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल एक स्थान फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई हैं जबकि पुरुषों में पी कश्यप दो स्थानों की छलांग के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वर्ल्ड चैंपियन यिहान वांग ने साइना से दूसरा स्थान छीना। हालांकि साइना के पास मौजूदा आल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में बेहतर कर एक बार फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल करने का मौका है क्योंकि वांग के साथ ही ओलंपिक चैंपियन ली जुईरूई टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।