ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल मलयेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में पहुंच गई। टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय साइना के साथ ही पी. कश्यप और आरएमवी गुरुसाईदत्त भी दूसरे राउंड में पहुंचे लेकिन पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा। साइना ने एकतरफा मुकाबले में सिंगापुर की गु जुआन को मात्र 29 मिनट में 21-12, 21-15 से हरा अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
पहले गेम में हालांकि दोनों ने सधी हुई शुरुआत की और एक समय स्कोर 6-6 की बराबरी पर था लेकिन साइना ने इसके बाद कुछ आक्रामक नेट गेम खेलते हुए जुआन को परास्त कर दिया। दूसरे गेम में जुआन की शुरुआत आक्रामक रही और वह एक समय 7-4 से आगे थीं लेकिन साइना ने यहां से वापसी करते हुए एकतरफा अंदाज में गेम जीतने के साथ ही मैच भी जीत लिया। साइना इससे पहले कोरिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं।
कश्यप ने जापान के ताकुमा युएदा को 21-14, 16-21, 21-05 से हराया जबकि क्वालीफाइंग राउंड से मुख्य राउंड में पहुंचे गुरुसाईदत्त ने हमवतन सौरभ वर्मा को 21-11, 21-14 से हराकर अपने अभियान को आगे बढ़ाया। महिला डबल्स में प्रादन्या गादरे और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी सिंगापुर की वानेसा यु यान और युलियाना डेलिस की जोड़ी को 20-22, 21-15, 21-15 से हराकर अगले राउंड में पहुंचने में सफल रही लेकिन सिंधु का अभियान पहले ही राउंड में थम गया। सिंधु को डेनमार्क की टाइन बॉन ने तीन सेट तक चले मुकाबले में हराया।