दुनिया के दूसरे नंबर के शतरंज खिलाड़ी आर्मेनिया के लेवोन एरोनियन को चौथे राउंड में हराकर वर्ल्ड चैंपियन भारत के विश्वनाथन आनंद टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में संयुक्त शीर्ष पर पहुंच गए हैं। पिछले साल मई में वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद आनंद के लिए पिछले सात महीना निराशाजनक रहे लेकिन साल के पहले ही सुपर टूर्नामेंट में मिली इस जीत के बाद जरूर उन्हें लय हासिल करने में मदद मिलेगी।
चार राउंड के बाद आनंद के साथ ही नंबर वन नार्वे के मैग्नस कार्लसन और रूस के सर्गेई कार्जकिन भी पहले स्थान पर हैं। कार्लसन ने भारत के पी हरिकृष्ण को हराया जबकि सर्गेई ने अमेरिका के हिका नाकामुरा के साथ ड्रा खेला। वर्ग-20 सुपर टूर्नामेंट में 14 खिलाड़ियों के बीच के अभी नौ राउंड और होने हैं।